<no title>

*क्या असम के प्रदर्शनों को न दिखाने के लिए सूचना मंत्रालय ने सुझाव भेजा है?*


मशवरे की शक्ल में फ़रमान आया है। याद दिलाते हुए कि वक्त वक्त पर ऐसे सुझाव दिये जाते रहे हैं। उसी की परंपरा में 1995 में केबल एक्ट की याद दिलाई गई है और कहा गया है कि सभी टीवी चैनल ऐसी सामग्री दिखाने से बचे जिससे हिंसा भड़क सकती है। हिंसा को उकसावा मिल सकता है। जो राष्ट्रविरोधी नज़रिए को प्रोत्साहित करता है। जो देश की अखंडता पर असर करती है। सभी चैनलों से आग्रह किया जाता है कि इन दिशानिर्देशों का सख़्ती से पालन करें।


 
इसमें यह नहीं लिखा है कि यह आदेश पांच साल से चैनलों पर चल रहे हिन्दू मुस्लिम डिबेट को लेकर है या असम को लेकर है? आदेश जिस वक्त आया उस वक्त असम के लोग सड़कों पर थे। नागरिकता कानून पास होने के पहले से असम की यूनिवर्सिटी में ज़बरदस्त विरोध हो रहा था। असम के अलावा पूर्वोत्तर के दूसरे इलाकों में भी इस कानून का विरोध हो रहा है। सूचना मंत्रालय साफ साफ लिख देता है कि वैसे तो सारा गोदी मीडिया असम के प्रदर्शनों को नहीं दिखा कर राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन कर ही रहा है, हम चाहते हैं तो कि दो चार चैनल जो कभी कभी दिखा रहे हैं वो भी राष्ट्रहित का नाम लेकर असम की रिपोर्टिंग न करें। चर्चा न करें।


 
क्या असम के लोगों का प्रदर्शन जायज़ नहीं है? क्या उनका प्रदर्शन राष्ट्र विरोधी है? तो सरकार पहले असम के प्रदर्शनों को राष्ट्रविरोधी घोषित कर दे? चैनलों के दिखाने से असम में हिंसा नहीं हो रही है। चैनलों के न दिखाने से उनका गुस्सा भड़का है। अगर उन्हें लगता कि उनकी बातें देश को बताईं जा रही हैं तो इतनी नाराज़गी न होती। राज्य सभा में पास होने तक असम के सारे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ही रहें। टायर जलाकर प्रदर्शन करना और रात में मशालें लेकर जुलूस निकालना न तो हिंसा है और न ही राष्ट्रविरोधी प्रदर्शन। अगर असम के प्रदर्शनकारी हिंसा करने की ग़लती करते हैं तो यह सरकार की ज़िम्मेदारी है कि उसने इन लोगों से बात नहीं की। अभी जब प्रदर्शन हो रहे हैं तब भी इनसे कोई बात नहीं कर रहा है। क्या ये आदेश असम के आंदोलनों को न दिखाने के लिए हैं ? ऐसे तो कोई हां में नहीं कहेगा लेकिन आप अब चैनलों पर असम के कवरेज़ को लेकर पसरी चुप्पी से समझ सकते हैं।  


रही बात आप जनता की। आप चाहें कोई हों। अगर आपको लगता है कि यह आदेश सही है तो आप अपने मौजूदा और भविष्य में होने वाले सभी प्रदर्शनों को राष्ट्रविरोधी घोषित कर स्थगित कर दें। ख़ुद को भी राष्ट्रविरोधी घोषित कर दें। गन्ना किसानों को कान पकड़ कर खेत में बैठ जाना चाहिए कि उनसे राष्ट्र विरोधी ग़लती हुई है कि उन्होंने दाम न मिलने पर आंदोलन करने को सोचा और मीडिया से आग्रह किया कि दिखा दीजिए। ऐसे न जाने कितने नागरिक समूह होंगे जो अपनी परेशानियों को लेकर सड़क पर उतरने वाले होंगे। उतरे ही होंगे। इस तरह के आदेशों का क्या मतलब है? संसद के भीतर गोड्से को महान बताया जाता है। क्या वो राष्ट्र विरोधी गतिविधि नहीं है?


नागरिकता कानून का विरोध वैध है। संसद में हुआ है। सड़क पर भी हो रहा है।  इंडियन एक्सप्रेस ने अपने संपादकीय में लिखा है कि यह कानून ज़हरीला है। इसे सदन में ही रोक दिया जाना चाहिए था। अब न्यायपालिका को संविधान की रक्षा में अपना इक़बाल दिखाना होगा। हिन्दी अख़बारों ने फिर से हिन्दी पाठकों को मूर्खता के अंधेरे में धकेले रखने की ज़िम्मेदारी निभाई है। कब तक आप नफ़रत और अज्ञानता के कमरे में बंद रहेंगे। इंसान की फितरत मोहब्बत होती है। उसका जुनून ज्ञान होता है। वह ज़्यादा दिन हिन्दी अख़बारों के क़ैद में नहीं रह सकता है।


यह कानून संवैधानिक मूल्यों और नैतिकताओं पर खरा नहीं उतरता है। यह कहने का अधिकार बहुमत को ही नहीं है। सिर्फ असम विरोध नहीं कर रहा है। देश के कई हिस्सों में विरोध हो रहा है। कई संगठन और व्यक्ति विरोध कर रहे हैं। कई राजनीतिक दल विरोध कर रहे हैं। क्या वे सबके सब राष्ट्रविरोधी करार दे दिए जाएंगे? 


सूचना प्रसारण मंत्रालय को अपना नाम अंग्रेज़ी में इंफोर्मेशन ब्लॉकेड मिनिस्ट्री रख लेना चाहिए। हिन्दी में सूचना अप्रसारण मंत्रालय। या फिर जॉर्ज ऑरवेल की किताब 1984 से सीधे उठाकर मिनिस्ट्री ऑफ ट्रूथ रख लेना चाहिए। चैनलों को बंद कर जगह जगह टेलिस्क्रीन लगा देनी चाहिए जिसके नीचे लिखा आना चाहिए- बिग ब्रदर इज़ वाचिंग यू। ऑरवेल के 1984 में जो मंत्रालय यातना देता था उसका नाम मिनिस्ट्री ऑफ हैपिनेस है। जो झूठ फैलाता है उसका नाम मिनिस्ट्री ऑफ ट्रूथ है। ऑरवेल की कल्पना भारत में साकार होती दिख रही है। 


1984 के मिनिस्ट्री ऑफ ट्रूथ के संदर्भ का हिन्दी में मतलब यह हुआ कि आप ग़ुलाम बनाए जाएंगे या बना लिए गए हैं। आप वही सोचेंगे और उतना ही सोचेंगे जितना सरकार आपको बताएगी। उससे ज्यादा सोच रहे हैं इस पर सरकार नज़र रखेगी। ज़्यादा जानना और ज़्यादा सोचना गुनाह होगा। क्या आप करीब करीब यही होता नहीं देख रहे हैं। गोदी मीडिया कुछ और नहीं। मिनिस्ट्री ऑफ ट्रूथ के ही अंग हैं। आप ही बताएं कि इन चैनलों पर सूचना कहां हैं, आपके ही विरोध प्रदर्शनों या सवालों की कोई सूचना है? जब मीडिया सरकार का अंग बन जाए, उसके आदेशों पर झुकने लगे तब लोगों को सोचना चाहिए कि आप इस मीडिया को अपना वक्त और पैसा क्यों दे रहे हैं? 


 
एक नागरिक के तौर पर आपकी क्या ज़िम्मेदारी है? क्या आप यह मंज़ूर कर रहे हैं कि किसी चीज़ का विरोध न दिखाया जाए? क्या आप मंज़ूर कर रहे हैं कि विरोध प्रदर्शन न हों? क्या आप मंज़ूर कर रहे हैं कि सरकार जो कहेगी वही सही होगा? आप अपनी नागरिकता को ही ख़त्म करने की मंज़ूरी दे रहे हैं। जो आप पर ही भारी पड़ेगी। आपकी चुप्पियां घाव बन जाएंगी। एक दिन मवाद फूटेगा। आप दर्द सहन नहीं कर पाएंगे। विवेक का इस्तमाल कीजिए। कुछ सोचिए। जो हुआ है वह सही नहीं है। इन दरारों से क्या मिलेगा?  


कश्मीर पर आप चुप रहे हैं। असम पर आप चुप हैं। जिस हिन्दू मुसलमान को गर हाने में गाते रहे ये दिखाने के लिए आप नफ़रतों से ऊपर हैं, उस मुसलमान को इस कानून में छोड़ दिए जाने से आप चुप हैं। आपका वो गाना सिर्फ दिखावा था। कल किसी और राज्य या समुदाय को लेकर चुप रहेंगे। एक दिन ख़ुद पर बीतेगी तो बोली नहीं निकलेगी। इसलिए लोकतंत्र में बोलने को हमेशा प्रोत्साहित कीजिए। बोलने वालों का साथ दीजिए। 


कमेंट बाक्स में गाली देने वालों को देखकर डरने की ज़रूरत नहीं है। ये मिनिस्ट्री पर हैपिनेस के सिपाही हैं। इनका काम यातनाएं देना है। इनका काम लोकतांत्रिक संस्कृति को बर्बाद करना है। आप अगर इतनी सी बात के लिए खड़े नहीं होंगे तो फिर आप जहां हैं वहीं सदियों के लिए बैठ जाइये। पत्थर में बदल जाइये। capacity news 


Popular posts
<no title>*ब्रेकिंग* भोपाल कलेक्टर का आदेश। केंद्र द्वारा दी गयी राहत का भोपाल में नहीं होगा असर। केंद्र ने दी है दुकानें खोलने की छूट। राज्यों को दिए हैं दुकान खोलने के मामले में फैसला लेने का अधिकार। भोपाल कलेक्टर ने आज आदेश जारी करके कहा कि 3 मई तक कोई छूट नहीं रहेगी। 3 मई के बाद समीक्षा करके आगे का फैसला लिया जाएगा।
*पत्रकारों के लिए क्या....?* केंद्र सरकार और प्रदेश की सरकार के द्वारा जिस तरह बीपीएल कार्ड धारियों, श्रमिकों और किसानों इत्यादि को जिस तरह से राहत राशियां एवं मुफ्त खाद्य सामग्री प्रदान करने की घोषणा की गई है, क्या इसी तरह पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्य करने वाले पत्रकारों के हितों का भी सरकारों के द्वारा ख्याल नहीं रखना चाहिए? देश में आज नाम मात्र के बराबर अपने जोखिम भरे कार्यों के बदले पारितोषिक प्राप्त करने वाले पत्रकारों की संख्या नगण्य है। *ज्यादातर पत्रकार बगैर किसी सैलरी या मेहनताने के काम करते हैं,* ऐसी स्थितियों में उन पत्रकारों को भी अपने घर परिवार के भरण-पोषण विशेषकर ऐसी विकराल परिस्थितियों में तो और भी कठिन चुनौतियों से गुजरना पड़ता है। *क्या ऐसी स्थितियों में हमारी सरकारों को पत्रकारों के प्रति भी संवेदनशील नहीं होना चाहिए??* पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य करने वाले उन सभी पत्रकारों को हमारी सरकारों के द्वारा कुछ ना कुछ राहत राशि प्रदान कर संबल प्रदान करने की आवश्यकता है। जिससे कि आने वाले समय में लोकतंत्र का यह चौथा स्तंभ और मजबूती के साथ खड़ा होकर अपनी जिम्मेदारियों को भरपूर तरीके से कार्यों का निर्वहन कर सके। कहते हैं *भूखे भजन न होय गोपाला, जा धरी तुम्हारी कंठी माला।।* भूखे पेट समाज सेवा नहीं होती, समाज को सजगता प्रदान करने हेतु अपनी कलम के माध्यम से प्रेरित कर लोगों को आगाह करने वाला लोकतंत्र का यह *चौथा स्तंभ आज पूरी तरह उपेक्षा का शिकार* है। जिस पर हमारी *सरकारों एवं जनप्रतिनिधियों को ध्यान देने की आवश्यकता* है । 🙏🏻🙂🙏🏻🤷🏻‍♂✒️✒️
मध्यप्रदेश युवक कॉंग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सैय्यद सऊद हसन द्वारा जारी किया गया Facebook Post काफ़ी चर्चा का विषय बन गया है। इस में उन्होंने भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर का लापता होने की बात कही है। इंगलैंड की De. Montfort University Students Union (डि. मॉंट्फ़ोर्ट यूनिवर्सिटी छात्र संघ) के उपाध्यक्ष (वाइस प्रेज़िडेंट) रह चुके इस युवा नेता ने बताया कि भोपाल सांसद लगातार ग़ायब हैं और इस कोरोना महामारी की मार झेल रहे भोपाल जिसने उन्हें सांसद बनाया उस शहर की उन्हें कोई चिंता नहीं। जहाँ एक तरफ़ कमल नाथ एवं दिग्विजय सिंह लगातार मध्यप्रदेश की जनता के भलाई का काम कर रहे हैं वही दूसरी तरफ़ प्रज्ञा ठाकुर जैसी नेता का कोई अता पता नहीं है। अंत में सैय्यद सऊद हसन ने कहा भोपाल की जनता ऐसे नेताओं को कभी माफ़ नहीं करेगी और सही समय आने पर सबक़ सिखाएगी
Image
कुदरत का कहर भी जरूरी था साहब हर कोई खुद को खुदा समझ रहा था। जो कहते थे,मरने तक की फुरसत नहीं है वो आज मरने के डर से फुरसत में बेठे हैं। माटी का संसार है खेल सके तो खेल। बाजी रब के हाथ है पूरा साईंस फेल ।। मशरूफ थे सारे अपनी जिंदगी की उलझनों में,जरा सी जमीन क्या खिसकी सबको ईश्वर याद आ गया ।। ऐसा भी आएगा वक्त पता नहीं था, इंसान डरेगा इंसान से ही पता नहीं था
एल बी एस हॉस्पिटल पर इलाज न करने का आरोप